स्वदेशी जागरण मंच के राष्ट्रीय संगठक श्री कश्मीरी लाल ने कहा कि शिक्षित समाज बनाने के लिए शिक्षित व्यापारियों को आगे आना होगा। वे टीम कैट, नागपुर द्वारा आयोजित कार्यक्रम में व्यापारियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि व्यापारी संस्कारयुक्त और सज्जन होते हैं। सामाजिक संपर्क के कारण उन्हें व्यापक अनुभव और सामाजिक ज्ञान रहता है। इसी कारण समाज को शिक्षित करने में उनकी भूमिका अहम है।
उन्होंने कहा कि ऑनलाइन व्यापार के विस्तार से पारंपरिक दुकानदारों के सामने चुनौती है। व्यापारियों को नई योजनाओं से ग्राहक आकर्षित करने होंगे। हर वस्तु के संगठन हैं, लेकिन सभी को एक मंच पर आवाज उठानी चाहिए। इसी उद्देश्य से स्वदेशी व्यापारी मंच बनाया गया है।
श्री कश्मीरी लाल ने बताया कि स्वदेशी जागरण मंच के तत्वावधान में राष्ट्रीय स्तर पर स्वदेशी व्यापारी मंच बनाया गया है। इसके राष्ट्रीय संयोजक बालकृष्ण भारतीय हैं। नागपुर में भी इस मंच का कार्यालय रहेगा।
स्वदेशी जागरण मंच के राष्ट्रीय सह-संयोजक अजय पत्की ने कहा कि इस मंच का नारा है - राष्ट्रहित, व्यापार हित और व्यापारी हित। देशभर में इसकी शाखाएं होंगी। ऊर्जा, ईंधन, सोना, खाद्य तेल जैसी आयातित वस्तुओं की खपत रोकना जरूरी है।
कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स के राष्ट्रीय अध्यक्ष बालकृष्ण भारतीय ने कहा कि अर्थव्यवस्था पर कब्जे के लिए शीत युद्ध चल रहा है। हर नागरिक, दुकानदार और उपभोक्ता देश का सिपाही है। भाषा, भेष, भूषा, भोजन, भ्रमण में पूर्ण स्वदेशी समय की मांग है। किशोर धाराशिवकर ने कहा कि देश बदलने के लिए स्वयं को बदलना होगा। ध्यानेश्वर रक्षक ने बताया कि सभी संतों ने स्वदेशी का पालन और प्रचार किया।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से स्वदेशी संकल्प लिया। श्री कश्मीरी लाल के हाथों स्वदेशी व्यापारी मंच का उद्घाटन हुआ। आभार राजू जैन ने व्यक्त किया।
इस अवसर पर टीम नागपुर के अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, नाग विदर्भ चैम्बर के उपाध्यक्ष सचिन पुनियानी, विनय जैन, दीपा पचौरी, अश्वनी गुप्ता, राजेश लोंदे, पूजा झाम, सरिता चौरसिया, विजय चौरसिया, विनोद गुप्ता, शिवाजी भालतिलक सहित अनेक गणमान्य उपस्थित थे।

